डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में जिला अस्पताल की बड़ी उपलब्धि, 5 माह में 1.14 लाख जांचें निःशुल्क…

सारंगढ़। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से संचालित अटल आरोग्य लैब आम जनता के लिए वरदान साबित हो रही है। खास बात यह है कि सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व और बेहतर प्रबंधन में इस लैब ने महज पांच माह में शानदार उपलब्धि हासिल की है।
जिला अस्पताल में संचालित अटल आरोग्य लैब के माध्यम से अब तक 31,108 मरीजों की कुल 1,14,715 पैथोलॉजी जांच पूरी तरह निःशुल्क की जा चुकी हैं। यह उपलब्धि जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ते भरोसे और स्वास्थ्य अमले के समर्पण को दर्शाती है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन, सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व तथा आरएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार रात्रे के पर्यवेक्षण में लैब लगातार बेहतर सेवाएं दे रही है।
लैब में पैथोलॉजिस्ट डॉ. रमेश साहू और मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट की टीम के समर्पण से अत्याधुनिक मशीनों के जरिए 134 प्रकार की उच्च स्तरीय जांच सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को निजी पैथोलॉजी लैब में हजारों रुपये खर्च करने की मजबूरी से राहत मिल रही है। अब मरीजों को सामान्य से लेकर कई महत्वपूर्ण जांचों के लिए दूसरे शहरों का चक्कर भी नहीं लगाना पड़ रहा है।
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिला अस्पताल में उपलब्ध सरकारी निःशुल्क जांच सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिला चिकित्सालय में आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण जांच सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ऐसे में मरीजों को अनावश्यक रूप से निजी लैब में भारी रकम खर्च करने के बजाय अटल आरोग्य लैब की सुविधा का लाभ लेना चाहिए।
डॉ. जायसवाल ने बताया कि जिला अस्पताल की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए जल्द ही अटल आरोग्य लैब में निःशुल्क माइक्रोबायोलॉजी जांच की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इससे गंभीर संक्रमण और जटिल बीमारियों की पहचान में मदद मिलेगी तथा मरीजों को जिला अस्पताल में ही जांच की अतिरिक्त सुविधा मिल सकेगी।
डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय सारंगढ़ की अटल आरोग्य लैब स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही है। निःशुल्क जांच, आधुनिक मशीनें और भविष्य में माइक्रोबायोलॉजी सुविधा का विस्तार जिले के हजारों मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।