सारंगढ़

169 शिक्षकों का राज्य स्तरीय सम्मान, सारंगढ़ में सजा शिक्षा का महाकुंभ…

 

सारंगढ़। नवदीप शिक्षक सेवा समिति छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में रविवार को साहू धर्मशाला भवन सारंगढ़ में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे 169 शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षा, नवाचार एवं समर्पण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर शिक्षकों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।

समारोह का आयोजन समिति के संस्थापक संयोजक डॉ. जगजीवन प्रसाद जांगड़े एवं प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार कश्यप के नेतृत्व में किया गया। समिति का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों की प्रतिभा, मेहनत और समर्पण को पहचान दिलाना तथा उनके उत्कृष्ट कार्यों को समाज के सामने लाकर अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब तथा विशेष अतिथि राधेश्याम राठिया अपरिहार्य कारणों से शामिल नहीं हो सके। इसके बावजूद समारोह में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें विधायक सारंगढ़ उत्तरी गनपत जांगड़े, विधायक बिलाईगढ़ कविता प्राण लहरे, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी अजय बंजारे, पूर्व विधायक कामदा जोल्हे, जनपद सभापति कोमल शशी पटेल एवं जिला पंचायत सभापति विनोद कुमार भारद्वाज सहित अन्य अतिथि शामिल हुए।

समारोह में सम्मानित शिक्षकों ने नवदीप शिक्षक सेवा समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाने के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करते हैं। शिक्षकों का सम्मान वास्तव में समाज और राष्ट्र के भविष्य को संवारने वाले व्यक्तित्वों के योगदान का सम्मान है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति की कोर कमेटी एवं सभी पदाधिकारियों का विशेष योगदान रहा। समारोह का संचालन आरती ठाकुर, योगेश्वरी तंबोली एवं सुक्रंदन दास ने किया। राज्य स्तरीय इस आयोजन ने सारंगढ़ को शिक्षा और शिक्षक सम्मान के एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में नई पहचान दिलाई।

Back to top button