सारंगढ़

अंकुरित अनाज से संवर रही नौनिहालों की सेहत, प्रधान पाठक की अनूठी पहल….

सारंगढ़। बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाने और कुपोषण की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा में पदस्थ प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी द्वारा सराहनीय पहल की जा रही है। उनके प्रयासों से विद्यालय में बच्चों के लिए स्प्राउट (अंकुरित अनाज) वितरण अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है।

इस अभिनव अभियान के तहत विद्यालय के नौनिहालों को नियमित रूप से पौष्टिक अंकुरित आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें चना, मूंग, मूंगफली और गुड़ जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पोषणयुक्त आहार देकर उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाना, शारीरिक विकास को गति देना तथा कुपोषण की समस्या से बचाव करना है।

प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी की यह पहल केवल बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रयास राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों तथा आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता (FLN) की भावना के अनुरूप है। बेहतर पोषण से बच्चों में सीखने की क्षमता, एकाग्रता और विद्यालयीन गतिविधियों में भागीदारी को प्रोत्साहन मिल रहा है।

विद्यालय में नियमित रूप से पौष्टिक आहार मिलने से बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी विकसित हो रही है। साथ ही बच्चों की नियमित उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने में भी इस तरह के प्रयास सहायक साबित हो रहे हैं।

इस सराहनीय पहल की सरपंच सहस राम जांगड़े, शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष गुहाराम, उपाध्यक्ष शत्रुघन निषाद, पंच ओम प्रकाश रात्रे सहित समिति के सभी सदस्यों एवं पालकों ने प्रशंसा की है। सभी ने प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी के प्रयासों को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में अनुकरणीय पहल बताते हुए उनकी सराहना की।

Back to top button