सारंगढ़

बोईरडीह में धान खरीदी का शंखनाद, ₹3100 प्रति क्विंटल मिलेगा समर्थन मूल्य…

 

बरमकेला। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत सेवा सहकारी समिति बोईरडीह में धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा नायक विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, समिति पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों की गरिमामयी उपस्थिति में धान खरीदी केंद्र में नए खरीदी सत्र की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम का शुभारंभ माता अन्नपूर्णा, माता लक्ष्मी एवं भगवान बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने नारियल फोड़कर तथा पहले किसान की धान की बोहनी कराकर खरीदी केंद्र का औपचारिक शुभारंभ किया। धान खरीदी शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा नायक ने किसानों को खरीदी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष किसानों से धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घर बैठे मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करने की व्यवस्था भी की गई है, जिससे किसानों को खरीदी केंद्रों में अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और धान विक्रय की प्रक्रिया सुगम हो सके।

डॉ. अभिलाषा नायक ने धान खरीदी प्रारंभ होने पर क्षेत्र के समस्त किसान भाइयों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं। किसानों की मेहनत से ही अन्न उत्पादन संभव होता है। शासन की मंशा है कि किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचे और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिले। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष रामकुमार पटेल, सरपंच विनीता नायक, कृषक मुकेश चौधरी, तिलक नायक, विशेश्वर नायक, प्रमोद नायक, सहकारिता विस्तार अधिकारी अजय सिंह सिदार, समिति प्रबंधक हरकिशन नायक, ऑपरेटर अंकित पंडा, पटवारी कृष्णा कुर्रे एवं त्रिलोकी पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। खरीदी केंद्र में धान खरीदी शुरू होने के साथ ही क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने की प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार भी समाप्त हुआ।

Back to top button