सारंगढ़

उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन, जयकारों से गूंजे घाट…

 

सारंगढ़। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ आज सुबह उगते सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। व्रत के अंतिम दिन सुबह से ही नगर के विभिन्न छठ घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खड़ाबंद तालाब सहित नगर के प्रमुख घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

व्रती महिलाओं ने सुबह से ही जल में खड़े होकर उगते सूर्य देव की उपासना की और विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की गई। अर्घ्य के साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारंपरिक रूप से समापन हुआ। घाटों पर छठी मैया के जयकारों, भजनों और लोकगीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

खड़ाबंद तालाब घाट पर विशेष रूप से श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पारंपरिक वेशभूषा में सजी व्रती महिलाएं, पूजा सामग्री से सजी बांस की टोकरी, फल-फूल, ठेकुआ और दीपों से सजे घाटों ने मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया। सुबह की पहली किरण के साथ सूर्य देव को अर्घ्य देने का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था और भावनाओं से जुड़ा रहा।

पूजा-अर्चना के पश्चात व्रतियों ने प्रसाद वितरण किया और एक-दूसरे को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। चार दिनों तक चले इस महापर्व ने एक बार फिर सारंगढ़ में सामाजिक समरसता, पारिवारिक एकजुटता, आपसी भाईचारे और धार्मिक परंपराओं की सुंदर मिसाल पेश की। श्रद्धा, अनुशासन और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ।

Back to top button