सारंगढ़

जनजातीय गौरव दिवस पर जननायकों को किया नमन, हलधर नाग की रही विशेष उपस्थिति…

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय महाविद्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और देश की आजादी में जनजातीय महापुरुषों के अतुलनीय योगदान को याद किया गया। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और संघर्षपूर्ण जीवन को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, विशिष्ट अतिथि पद्मश्री सम्मानित हलधर नाग, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, विधायक उत्तरी जांगड़े एवं जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर किया। अतिथियों ने जनजातीय समाज के वीर सपूतों के बलिदान और संघर्ष को नमन करते हुए उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए। अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आम नागरिकों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। वहीं स्कूली बच्चों ने जनजातीय संस्कृति, परंपरा और लोककला पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि सांसद राधेश्याम राठिया ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, संघर्ष, त्याग और बलिदान की गौरवशाली गाथाओं से भरा हुआ है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान देश कभी भुला नहीं सकता। उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर जनजातीय समाज की विरासत को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

वहीं पद्मश्री हलधर नाग की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। उनकी मौजूदगी से विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों में उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन में जनजातीय संस्कृति, गौरव और सामाजिक एकता की झलक नजर आई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, सहायक आयुक्त बद्रीप्रसाद सुखदेव, जिला शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीनारायण पटेल, महाविद्यालय के प्राचार्य लोकेश्वर पटेल, पूर्व विधायक कामदा जोल्हे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Back to top button