तबले की थाप से राममय हुआ सूतिउरकुली, बहारता राम निभा रहे अहम भूमिका…

बिलाईगढ़। विकासखंड बिलाईगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत सूतिउरकुली में 10 नवंबर से 19 नवंबर 2026 तक अखंड नवधा रामायण का भव्य आयोजन किया जा रहा है। नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और भक्ति संगीत से पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर हवन एवं सहस्रधारा का आयोजन भी किया जाएगा।
इस धार्मिक आयोजन में बिलाईगढ़ क्षेत्र के प्रसिद्ध तबला वादक बहारता राम विश्वकर्मा अपनी कला के माध्यम से विशेष योगदान दे रहे हैं। वे लगातार नौ दिनों तक रामायण पाठ के दौरान तबला वादन कर रामभक्ति और संगीत का अनूठा संगम प्रस्तुत कर रहे हैं। उनकी तबले की मधुर थाप से रामायण गायन और भजन-कीर्तन में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि बाहर से आने वाले रामायण गायक कलाकारों के साथ कई बार कुशल वाद्य यंत्र वादकों की कमी महसूस होती है। ऐसे समय में बहारता राम विश्वकर्मा अपनी संगीत साधना और अनुभव से रामायण गायकों को सहयोग प्रदान करते हैं। उनका तबला वादन न केवल गायन को लयबद्ध बनाता है, बल्कि श्रद्धालुओं को भी भक्ति रस में डुबो देता है।
स्थानीय स्तर पर अपनी कला के माध्यम से धार्मिक आयोजनों को संगीतमय बनाने वाले बहारता राम विश्वकर्मा का यह योगदान क्षेत्र की लोक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने की दिशा में सराहनीय है। ऐसे कलाकार ग्रामीण अंचलों में धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती चंद्रावती अमृतलाल साहू, अध्यक्ष अमृतलाल साहू, उपाध्यक्ष चंद्रेश साहू, सचिव मायाराम साहू, कोषाध्यक्ष सम्मेलाल साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं।