किसड़ा जंगल में बाघ लापता, वन विभाग की निगरानी पर सवाल…9 नवंबर को दिखा था बाघ, तीन दिन बाद भी लोकेशन नहीं मिली; रेंजर और डिप्टी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल…

सारंगढ़। बिलाईगढ़ वन परिक्षेत्र के गाताडीह सर्किल अंतर्गत किसड़ा जंगल में बाघ देखे जाने की सूचना के बाद वन विभाग की निगरानी व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर को जंगल में बाघ दिखाई देने की सूचना मिली थी। इसके बाद 11 नवंबर को ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए गांव में मुनादी कराई गई। लेकिन इसके बावजूद तीन दिन बीत जाने के बाद भी बाघ की वास्तविक लोकेशन का पता नहीं चल पाना वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
मुख्यालय में सरकारी आवास, फिर भी दूर रहने का आरोप
इस पूरे मामले में डिप्टी राधिका सिदार की मुख्यालय में उपस्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मुख्यालय में सरकारी क्वार्टर उपलब्ध होने के बावजूद उनके करीब 20 किलोमीटर दूर भटगांव में किराए के मकान में रहने की बात सामने आई है। ऐसे में सवाल उठता है कि वन क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी जैसी गंभीर स्थिति के दौरान संबंधित अधिकारी मुख्यालय में रहकर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित क्यों नहीं कर रहे हैं? हालांकि, इस संबंध में संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आना बाकी है।
रेंजर की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में
वहीं वन परिक्षेत्र अधिकारी माखन लाल बंजारे की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले क्षेत्र में तेंदुए की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था और अब बाघ की मौजूदगी की सूचना के बावजूद उसकी लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने वन विभाग की गश्त, निगरानी और वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील
बाघ की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों को सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे अकेले जंगल में न जाएं, देर रात जंगल के आसपास घूमने से बचें और बाघ दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या उसे परेशान करने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग
मामले को लेकर वन विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग उठ रही है कि रेंजर माखन लाल बंजारे, डिप्टी राधिका सिदार और संबंधित बीट गार्ड की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही मुख्यालय में निवास, नियमित गश्त और निगरानी से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच हो। यदि जांच में लापरवाही प्रमाणित होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 9 नवंबर को दिखा बाघ आखिर कहां है? उसकी सुरक्षा और ग्रामीणों की जान-माल की जिम्मेदारी किसकी है? वन विभाग ने अब तक उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए हैं? इन सवालों पर वन विभाग के आला अधिकारियों को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।