सारंगढ़

घर बैठे बनेगा धान खरीदी का टोकन, ‘तुंहर टोकन’ ऐप से किसानों को मिलेगी सुविधा…

सारंगढ़। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को अधिक सरल, सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने के लिए राज्य शासन ने किसानों को बड़ी सौगात दी है। शासन द्वारा ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से अब किसान घर बैठे अपने मोबाइल से धान बिक्री के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। इसे लेकर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने तथा किसानों को ऐप के उपयोग और टोकन प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।

शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार किसानों के पंजीकृत रकबे के आधार पर टोकन जारी करने की अधिकतम सीमा निर्धारित की गई है। इसके तहत 2 एकड़ तक रकबा रखने वाले सीमांत किसानों को अधिकतम 1 टोकन, 2 से 10 एकड़ तक रकबा वाले लघु किसानों को अधिकतम 2 टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक रकबा रखने वाले किसानों को अधिकतम 3 टोकन जारी किए जा सकेंगे। सभी टोकनों में दर्ज धान की कुल मात्रा किसान की पात्र खरीदी मात्रा से अधिक नहीं होनी चाहिए। टोकन में धान की मात्रा दर्ज करते समय प्रति बोरा 0.40 क्विंटल के मान से प्रविष्टि करना अनिवार्य होगा।

ऐप के माध्यम से सोमवार से शुक्रवार तक 24 घंटे टोकन बनाया जा सकेगा। हालांकि, उसी दिन की तौल तारीख का चयन नहीं किया जा सकेगा। शनिवार, रविवार और शासकीय अवकाश के दिनों में तौल की तारीख निर्धारित करने की सुविधा नहीं होगी। इसके अलावा किसान का बैंक खाता सत्यापित होना अनिवार्य है। जिन किसानों के बैंक खाते सत्यापित नहीं होंगे, उन्हें टोकन जारी नहीं किया जाएगा। एक किसान के नाम पर एक ही दिन में दो से अधिक टोकन जारी करने की अनुमति नहीं होगी। पूर्व में जारी टोकन में किसी प्रकार का संशोधन अथवा निरस्तीकरण संबंधित समिति के माध्यम से ही किया जाएगा।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसानों को टोकन प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। नई व्यवस्था से किसानों को समितियों के चक्कर लगाने से राहत मिलने के साथ ही घर बैठे टोकन प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।

Back to top button