सारंगढ़

कुपोषित बच्चों के लिए दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ करेंगे जांच…

सारंगढ़। जिले में कुपोषण के खिलाफ प्रभावी पहल करते हुए कुपोषित बच्चों की पहचान, स्वास्थ्य परीक्षण और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा शिविर के सफल संचालन के लिए ड्यूटी आदेश जारी कर दिया गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला तथा 13 नवंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। शिविर में शिशु रोग विशेषज्ञ, चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा विशेषज्ञ, स्टाफ नर्स एवं एएनएम की ड्यूटी लगाई गई है, जो बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर कुपोषण की स्थिति का आकलन करेंगे।

शिविर के दौरान कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विशेष रूप से गंभीर कुपोषित बच्चों को उचित स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ते हुए उनके उपचार की निरंतरता सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए प्रोटीन पाउडर, मल्टीविटामिन सिरप, कैल्शियम सिरप सहित आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।

इसके साथ ही बच्चों के अभिभावकों एवं परिवारजनों को संतुलित आहार, पोषण, स्वच्छता और बच्चों की बेहतर देखभाल के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया जाएगा। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की इस पहल का उद्देश्य कुपोषित बच्चों को समय पर चिन्हित कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा जिले में कुपोषण की समस्या को कम करना है।

Back to top button