सारंगढ़

15 नवंबर को सजेगा शिक्षक सम्मान का मंच, 159 गुरुजन होंगे सम्मानित…कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब होंगे मुख्य अतिथि, प्रदेश के 33 जिलों के शिक्षकों का होगा सम्मान…

 

सारंगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान और शिक्षकों के समर्पण को सम्मान देने के उद्देश्य से नवदीप शिक्षण सेवा समिति छत्तीसगढ़ द्वारा 15 नवंबर 2026, रविवार को प्रदेश स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। समारोह साहू धर्मशाला, रानी सागर, कुटेला में आयोजित होगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

समारोह में विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े, विधायक कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, पूर्व विधायक कामदा जोल्हे, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी अजय बंजारे, जनपद पंचायत अध्यक्ष ममता राजीव सिंह ठाकुर तथा जिला शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी नारायण पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इनके अलावा क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षा अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

इस प्रदेश स्तरीय आयोजन का सबसे खास आकर्षण प्रदेश के 33 जिलों से चयनित 159 शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान होगा। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, बेहतर शैक्षणिक परिणाम, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और अपने विशिष्ट योगदान से अलग पहचान बनाने वाले इन शिक्षकों को सम्मानित कर उनके कार्यों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

नवदीप शिक्षण सेवा समिति का मुख्य उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता को बढ़ावा देना, नवाचारी शिक्षकों को उचित मंच प्रदान करना और उनके उत्कृष्ट कार्यों को समाज के सामने लाना है। समिति का मानना है कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों का भविष्य ही नहीं गढ़ते, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समारोह को सफल बनाने के लिए प्रदेश स्तरीय कोर कमेटी का गठन कर विभिन्न शिक्षकों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कमेटी में डॉ. जगजीवन प्रसाद जांगड़े, सुनीता यादव, हेमंत कुमार श्रीवास, पुष्पेंद्र कुमार कश्यप, नैना साहनी, आरती ठाकुर और देवेश कुमार भारती सहित प्रदेश के अनेक शिक्षकों को शामिल किया गया है।

आयोजकों ने बताया कि यह समारोह केवल सम्मान का मंच नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों के अनुभवों और नवाचारों को साझा करने का अवसर भी बनेगा। निश्चित रूप से यह आयोजन प्रदेश के शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Back to top button