सारंगढ़

भागवत कथा में पहुंचीं विधायक उत्तरी जांगड़े, लिया आशीर्वाद…

 

सारंगढ़। निर्वाचन क्षेत्र टांडीपार में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े शामिल हुईं। कथा स्थल पर पहुंचने पर आयोजकों एवं ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान विधायक ने व्यासपीठ पर विराजमान महाराज जी को नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कथा श्रवण कर धर्म लाभ लिया।

इस अवसर पर विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला प्रेरणादायी ग्रंथ है। इसके माध्यम से व्यक्ति को सत्य, धर्म, प्रेम, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में एकता, आपसी भाईचारा और संस्कारों को मजबूती मिलती है। साथ ही हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं भी आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचती हैं।

कथा आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला एवं पुरुष कथा श्रवण करने पहुंचे। भजन-कीर्तन और भगवान के जयकारों से पूरा कथा स्थल भक्तिमय हो उठा। ग्रामीणों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ कथा का आनंद लिया।

इस अवसर पर जोहित जांगड़े, वरिष्ठ नेता देवनारायण जायसवाल, वरिष्ठ नेता बघेला जायसवाल, राकेश, राहुल, सुशील जायसवाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Back to top button