रमेश खूंटे के नेतृत्व में मंडल स्तरीय ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान संपन्न, भाजपा पर बरसे कांग्रेसी नेता…

सारंगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के मार्गदर्शन में छिंद-चंदाई मंडल कांग्रेस कमेटी द्वारा मंडल अध्यक्ष रमेश खूंटे के नेतृत्व में छिंद बाजार चौक पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार तथा भारतीय जनता पार्टी की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। विशेष रूप से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया गया कि इसके माध्यम से आम नागरिकों के मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित करने की आशंका पैदा हो रही है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को लेकर संदेह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है। यदि लोकतंत्र में जनता के सबसे बड़े अधिकार यानी मतदान के अधिकार की ही सुरक्षा सुनिश्चित नहीं है, तो फिर आम नागरिकों के हितों की रक्षा कौन करेगा? उन्होंने मतदाता सूची की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अनिवार्य बताया।
वहीं सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े ने भी इस मुद्दे पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का मत है और इस अधिकार की रक्षा करना हर लोकतांत्रिक संस्था की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे मंडल कांग्रेस अध्यक्ष रमेश खूंटे ने भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि यदि भाजपा सरकार अपनी नीतियों और कामकाज के दम पर सत्ता में है, तो फिर मतदाताओं के वोट काटने जैसी नौबत क्यों आ रही है? उन्होंने भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान पर तंज कसते हुए इसे ‘चोरी और सीना जोरी’ करार दिया।
रमेश खूंटे ने अपने तीखे अंदाज में कहा कि देश की जनता ने ऐसी चौकीदारी व्यवस्था चुन ली है, जहां चौकीदार ही दूध पीकर खुद चोर ढूंढने सड़कों पर उतर आया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सत्ता आपके पास है, बहुमत आपके पास है और सरकार चलाने के लिए पूरी व्यवस्था एवं कलम आपके हाथ में है, तो फिर लोकतंत्र बचाने के नाम पर सड़कों पर उतरने की नौबत क्यों आ रही है? उन्होंने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा कि भोली-भाली जनता को लोकलुभावन वादों और बातों से गुमराह करना बंद करना चाहिए। सरकार को अपनी गलतियां स्वीकार कर जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि भारत की जनता बड़ी दयालु है, वह हजार गलतियां भी माफ कर सकती है, लेकिन लोकतंत्र और मताधिकार के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर मतदाता सूची में पारदर्शिता, निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा की मांग उठाई। छिंद बाजार चौक पर आयोजित इस अभियान में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों की भागीदारी रही। पूरे कार्यक्रम में भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर कांग्रेस नेताओं का आक्रामक रुख देखने को मिला।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, सारंगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष राकेश पटेल, सारंगढ़ शहर ब्लॉक अध्यक्ष रामनाथ सिदार, पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण मालाकार, प्रदेश प्रतिनिधि सूरज तिवारी, घनश्याम मनहर, गणपत जांगड़े, पूर्व सारंगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष पुरुषोत्तम साहू, जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज, बीडीसी मुकेश साहू, विष्णु चंद्रा, नीतीश बंजारे, तुलाराम साहू, सुनील वारे, कलश साहू, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र वारे, NSUI उलखर-कोसीर अध्यक्ष सागर दीवान, इराक टांडे, सिद्धू खूंटे, अरविंद साहू, मंडल अध्यक्ष अश्वनी चंद्रा, कुशल साहू, राजकमल गोलू अग्रवाल, हीरालाल भारद्वाज, बोधराम साहू, श्रवण थुरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
मंडल अध्यक्ष रमेश खूंटे के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम मताधिकार की सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के मुद्दे पर कांग्रेस की राजनीतिक सक्रियता का संदेश देने वाला रहा।