सारंगढ़

सिंघिचूवा मार्ग पर मौत का तांडव! पलटी मिक्सर मशीन, दबकर मजदूर की दर्दनाक मौत

भटगांव। सिंघिचूवा मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। निर्माण कार्य के लिए जा रही मिक्सर मशीन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि मशीन के नीचे दबने से एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिक्सर मशीन में चालक के साथ कुछ मजदूर भी सवार थे। इसी दौरान सिंघिचूवा मार्ग पर अचानक मशीन अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते पलट गई। मशीन पलटते ही उसमें सवार मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक मजदूर मशीन के नीचे दब गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक सहित अन्य मजदूरों के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मशीन के नीचे दबे मजदूर के शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला।

पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है तथा परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई की गई है। वहीं, हादसे के बाद मौके से फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या सड़क की खराब स्थिति के कारण हुई। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

Back to top button