सारंगढ़

पुरानी रंजिश में संजय की चाकू मारकर हत्या, तीन आरोपी बेनकाब…

 

सारंगढ़। पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले में कोसीर पुलिस ने तीनों संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर कार्रवाई की है। वारदात में मुख्य आरोपी साहिल सुमन ने मृतक संजय सुमन के सीने और पेट पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए थे, जबकि उसके साथी पंकज जोल्हे ने मृतक के पैर और एक अपचारी बालक ने उसके हाथ पकड़ रखे थे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ हत्या के बाद जलाए गए कपड़ों के अवशेष भी बरामद किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 8 नवंबर 2026 की रात लगभग 9 से 10 बजे के बीच की है। मृतक संजय सुमन अपने दोस्त ओमप्रकाश उर्फ धोंडू के घर से साइकिल लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पुराने विवाद की रंजिश को लेकर साहिल सुमन, पंकज जोल्हे और एक अपचारी बालक चाकू लेकर उसका पीछा कर रहे थे। तीनों स्कूटी से उसका पीछा करते हुए हीरा हार्डवेयर के आगे पहुंचे। यहां साहिल ने स्कूटी रोककर कमर में रखा चाकू निकाला और संजय के पेट एवं सीने पर वार करना शुरू कर दिया। इस दौरान पंकज ने संजय के पैर पकड़ रखे थे, जबकि अपचारी बालक ने उसके हाथ पकड़ लिए थे।

हमले में संजय के सीने, पेट, पसली और बाएं हाथ की कलाई के पास गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जिला अस्पताल से प्राप्त शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने चाकू के घावों से उत्पन्न रक्तस्रावी आघात (Hemorrhagic Shock) को मृत्यु का कारण बताया तथा मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक होना पाया। इसके बाद अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान मुख्य मार्ग पर वाहनों की लाइट दिखाई देने पर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। अपचारी बालक मुख्य मार्ग की ओर, पंकज खेत की तरफ और साहिल स्कूटी से कोसीर की ओर भाग निकला। साहिल ने घटना में इस्तेमाल चाकू झाड़ियों की ओर फेंक दिया। इसके बाद साहिल और अपचारी बालक ने अजय खूटे के नवनिर्मित मकान के पीछे अपने पहने हुए कपड़ों को जला दिया, ताकि घटना से जुड़े साक्ष्य मिटाए जा सकें।

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के दिशा-निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल और एसडीओपी गोविन्द सिंह दीवान के मार्गदर्शन में आरोपियों की पतासाजी के लिए मुखबिर सक्रिय किए गए। फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। विवेचना के दौरान संदेही साहिल सुमन, पंकज जोल्हे और अपचारी बालक से पूछताछ में घटना का खुलासा हुआ।

11 नवंबर 2026 को साहिल सुमन के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। वहीं अजय खूटे के नवनिर्मित मकान के पीछे से जले हुए कपड़े और राख भी महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किए गए। मामले में साक्ष्य मिटाने और सामूहिक आशय से संबंधित बीएनएस की धारा 238 एवं 3(5) भी जोड़ी गई हैं।

पुलिस ने साहिल सुमन और पंकज जोल्हे को 11 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। वहीं अपचारी बालक के संबंध में सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। दोनों गिरफ्तार आरोपियों एवं अपचारी बालक को न्यायिक रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया।

संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कोसीर निरीक्षक आर.एन. साय, पीएसआई नेहा चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक भीम सेन सिदार, जयराम साहू, छत्रपति जोल्हे तथा आरक्षक धनसाय कुर्रे, विकास पटेल, सुरेश बर्मन, उमेश जांगड़े सहित थाना कोसीर के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

Back to top button