गौरव पथ निर्माण की सुस्त रफ्तार, रोज लग रहा जाम; धूल से लोग परेशान…

बिलाईगढ़। नगर पंचायत बिलाईगढ़ में गौरव पथ निर्माण की धीमी रफ्तार अब नगरवासियों और राहगीरों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। लंबे समय से जारी निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं होने के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगरवासियों के मन में अब एक ही सवाल है कि आखिर गौरव पथ का निर्माण कब पूरा होगा और उन्हें कब तक बेहतर सड़क की सुविधा मिल पाएगी?
निर्माण स्थल की मौजूदा स्थिति को देखकर काम की गति काफी धीमी नजर आ रही है। हैरानी की बात यह है कि निर्माण स्थल पर सड़क निर्माण से संबंधित जानकारी देने वाला सूचना बोर्ड भी दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसे में लोगों को यह तक पता नहीं चल पा रहा है कि गौरव पथ का निर्माण कितनी लंबाई तक होना है और इसे पूरा करने की निर्धारित समय-सीमा क्या है।
गौरतलब है कि बारिश के दौरान भी नगरवासियों को इस निर्माण कार्य के चलते भारी परेशानियों से जूझना पड़ा था। बारिश थमने के बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू तो हुआ, लेकिन अब तक काम में अपेक्षित तेजी देखने को नहीं मिल रही है। सड़क के कुछ हिस्सों में निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि बीच में डिवाइडर के लिए छोड़ी गई जगह वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। कई बार वाहन बीच में फंस जाते हैं, जिन्हें निकालने के दौरान वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इससे आवागमन बाधित होने के साथ ही जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।
नगर पंचायत क्षेत्र में ग्रामीणों और नगरवासियों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में निर्माण के कारण सड़क का संकरा होना लोगों की परेशानी और बढ़ा रहा है। दोपहिया से लेकर चारपहिया वाहन चालकों को भी निकलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, निर्माण कार्य के दौरान उड़ने वाली धूल आसपास के दुकानदारों, रहवासियों और राहगीरों के लिए भी परेशानी का सबब बनी हुई है। लोगों ने धूल के कारण खांसी, दमा और अन्य श्वसन संबंधी समस्याओं की आशंका जताते हुए नियमित पानी का छिड़काव कराने की जरूरत बताई है।
नगरवासियों का कहना है कि विकास कार्यों का स्वागत है, लेकिन निर्माण कार्य व्यवस्थित तरीके से और निर्धारित समय-सीमा में पूरा होना चाहिए। यदि निर्माण में अनावश्यक देरी होती है तो इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य में तेजी लाने, डिवाइडर वाले हिस्से में वाहनों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करने, नियमित पानी का छिड़काव कराने और निर्माण स्थल पर कार्य की लागत, लंबाई एवं पूर्णता अवधि दर्शाने वाला सूचना बोर्ड लगाने की मांग की है।
अधिकारियों ने नहीं उठाया फोन: गौरव पथ निर्माण की धीमी गति और नगरवासियों की समस्याओं को लेकर नगर पंचायत बिलाईगढ़ के इंजीनियर रोहित रंजन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मुजफ्फर खान से उनका पक्ष जानने के लिए मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसे में निर्माण कार्य की निर्धारित समय-सीमा और देरी के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और नगरवासियों को राहत कब तक मिलती है।