पटवारियों की हड़ताल पर प्रशासन सख्त, बस्ता जमा करने का आदेश जारी…

सारंगढ़। तहसील सारंगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। आम जनता के राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित न हों, इसे ध्यान में रखते हुए तहसीलदार सारंगढ़ ने हड़ताल पर गए पटवारियों को अपना बस्ता संबंधित राजस्व निरीक्षक के समक्ष प्रस्तुत करने का आदेश जारी किया है।
कार्यालय तहसीलदार सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा 3 नवंबर 2026 को जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि तहसील सारंगढ़ अंतर्गत पटवारी 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इस हड़ताल के चलते आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने आवश्यक कदम उठाया है।
जारी आदेश के अनुसार हड़ताल में शामिल सभी पटवारियों को अपने-अपने हल्के का बस्ता संबंधित राजस्व निरीक्षक के समक्ष प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है। साथ ही राजस्व निरीक्षक को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित पटवारियों से बस्ता प्राप्त कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
आदेश की प्रतिलिपि कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सारंगढ़ को सूचनार्थ भेजी गई है। वहीं हड़ताल में शामिल पटवारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचना प्रेषित की गई है।
प्रशासन के इस आदेश के बाद पटवारियों की हड़ताल के बीच राजस्व विभाग में हलचल तेज होने की संभावना है। अब देखना होगा कि पटवारी प्रशासन के इस निर्देश का कितना पालन करते हैं और आम जनता के लंबित राजस्व कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।