सारंगढ़

प्रमोद यादव की तत्परता से मोटर पंप चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार…

सारंगढ़। क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने के लिए सारंगढ़ पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी प्रमोद यादव की तत्परता और पुलिस टीम की सक्रियता से मोटर पंप चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया मोटर पंप भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी की सूझबूझ, मुखबिर तंत्र की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का पर्दाफाश हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बोईरडीह निवासी अशोक साहू ने 1 नवंबर को थाना सारंगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम मोहनी टिकरा स्थित उनके खेत से 26 अक्टूबर की रात अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोटर पंप चोरी कर लिया गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 550/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र कुमार पटेल एवं एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने पुलिस टीम को आरोपियों की पतासाजी में लगाया। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बोईरडीह के खेमराज डहरिया और फिरतु सिदार चोरी का पुराना मोटर पंप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने टीम के साथ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मोटर पंप चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि चोरी किए गए पंप को मुक्तिधाम के पास छिपाकर रखा गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया मोटर पंप बरामद कर लिया।

पुलिस ने आरोपी खेमराज डहरिया पिता मुनुराम डहरिया, उम्र 23 वर्ष एवं फिरतु सिदार पिता रहस सिदार, उम्र 35 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम बोईरडीह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक कलीराम कुर्रे, प्रधान आरक्षक सोनसाय यादव, आरक्षक पुरुषोत्तम राठौर एवं आरक्षक सुरेश की सराहनीय भूमिका रही।

थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात का खुलासा करना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में पुलिस की सक्रियता को दर्शाता है।

Back to top button