दहिदा स्कूल की अनूठी पहल, बच्चों को रोजाना मिल रहा दूध…

सारंगढ़। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को लेकर विकासखंड सारंगढ़ के शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा में सराहनीय पहल की जा रही है। यहां प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी के नेतृत्व में स्कूली बच्चों को नियमित रूप से दूध वितरण किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कुपोषण से बचाना, उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देना और स्वस्थ भविष्य की नींव मजबूत करना है।
विद्यालय में संचालित यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) की भावना के अनुरूप बच्चों के समग्र विकास और पोषण पर विशेष ध्यान देने का प्रयास है। मध्यान्ह भोजन के साथ अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराने की दिशा में दूध वितरण कार्यक्रम बच्चों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है।
प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी ने बताया कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। दूध कैल्शियम और प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, जो बच्चों की हड्डियों, शारीरिक विकास और स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस पहल से बच्चों में विद्यालय आने का उत्साह बढ़ा है। साथ ही उनकी उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति रुचि में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
विद्यालय की इस मानवीय पहल से पालकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में बच्चों को शिक्षा के साथ घर जैसा पोषण भी मिल रहा है। इस तरह की पहल बच्चों के स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद उपयोगी है।
दूध वितरण कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा की यह पहल शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और पोषण को जोड़ते हुए अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।