अपराध नियंत्रण में एसपी सुनील शर्मा का सख्त एक्शन, लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस; थाना प्रभारियों को दो टूक चेतावनी….

सारंगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने के लिए पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में एसपी ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों के कामकाज की बारीकी से समीक्षा करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिसिंग में लापरवाही, उदासीनता और अनावश्यक देरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसपी सुनील शर्मा ने प्रत्येक थाना प्रभारी से वन-टू-वन चर्चा कर उनके क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने केवल आंकड़ों की समीक्षा तक बैठक को सीमित नहीं रखा, बल्कि लंबित मामलों के निराकरण में आ रही समस्याओं और तकनीकी खामियों पर भी चर्चा की। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थानों में लंबित आपराधिक प्रकरणों और मर्ग डायरी के मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा में निराकृत किया जाए, ताकि पीड़ितों और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी का रुख बेहद सख्त नजर आया। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री और परिवहन में संलिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दूसरे राज्यों से जिले में गांजा तस्करी करने वाले नेटवर्क पर विशेष निगरानी रखने तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत ठोस कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। वहीं जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए इनके संचालन में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और जवाबदेह बनाने के लिए एसपी ने सीसीटीएनएस पोर्टल पर लंबित ऑनलाइन प्रकरणों एवं आवश्यक प्रविष्टियों को समयसीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली पारदर्शी, तकनीकी रूप से मजबूत और नागरिक-केंद्रित होनी चाहिए। आम जनता को पुलिस थानों में बेहतर व्यवहार, त्वरित सुनवाई और समय पर कार्रवाई का अनुभव होना चाहिए।
बैठक में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को भी विशेष प्राथमिकता दी गई। एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि पुलिसकर्मी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आम नागरिकों को नए कानूनी प्रावधानों, उनके अधिकारों और मिलने वाले लाभों की जानकारी दें, ताकि कानून के प्रति जागरूकता बढ़े और जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हो।
बैठक के अंत में एसपी सुनील शर्मा ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस के प्रत्येक कार्य में गंभीरता, जिम्मेदारी और समयबद्धता जरूरी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता सामने आने पर जवाबदेही तय की जाएगी। एसपी की इस सख्त समीक्षा बैठक से जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निराकरण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर पुलिस महकमे में स्पष्ट कार्ययोजना और जवाबदेही का संदेश गया है।