108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भूमिपूजन, आध्यात्मिक जागरण का शंखनाद…

सारंगढ़। आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक जागरण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को लेकर सारंगढ़ में आगामी 4 से 7 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने जा रहे 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। इसी कड़ी में 16 नवंबर को महायज्ञ का भव्य भूमिपूजन समारोह श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। भूमिपूजन समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और गायत्री परिवार के सदस्यों की बड़ी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राधेश्याम राठिया, सारंगढ़ विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, गायत्री परिवार रायपुर जोन प्रभारी एवं कार्यक्रम अध्यक्ष आदर्श वर्मा, जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक तथा एसडीएम विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, पूर्व विधायक कामता जोल्हे, जवाहर नायक एवं केराबाई मनहर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी समारोह में सहभागिता की।
भूमिपूजन अवसर पर पांच कुंडीय यज्ञ का विधिवत आयोजन किया गया। जिला समन्वयक गोरा साहू की टीम ने वैदिक विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया। इस दौरान गायत्री मंत्रों की गूंज, वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीत-संगीत की सुमधुर प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन महेंद्र अग्रवाल ने किया।
समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और जिलेभर से पहुंचे गायत्री परिवार के परिजनों ने 108 कुंडीय महायज्ञ को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का सामूहिक संकल्प लिया। सभी जनप्रतिनिधियों ने आयोजन में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं गायत्री परिवार के सदस्यों ने गांव-गांव और जन-जन तक महायज्ञ का संदेश पहुंचाने का प्रण लिया। आयोजन को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए अन्नघट, अर्थदान, सामग्री दान और श्रमदान के माध्यम से लोगों को जोड़ने की अपील भी की गई।
आयोजकों ने कहा कि 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ महज एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण, समाज निर्माण और राष्ट्र निर्माण का व्यापक अभियान है। इसका उद्देश्य लोगों में सद्विचार, संस्कार, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जागृत करना है। भूमिपूजन के साथ ही सारंगढ़ जिले में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक बड़े अभियान का शंखनाद हो चुका है। अब आगामी 4 से 7 दिसंबर तक होने वाले इस महायज्ञ को सफल बनाने के लिए तैयारियां और जनसंपर्क अभियान तेज किए जाएंगे।