नशे के सौदागरों की खैर नहीं! सांकरा में बड़ा ऐलान, बेचने पर 1 लाख जुर्माना…

सारंगढ़-बिलाईगढ़/बरमकेला। अब गांव की गलियों में नशे का कारोबार करना आसान नहीं होगा। युवा पीढ़ी को नशे की दलदल से बचाने के लिए बरमकेला विकासखंड के ग्राम सांकरा के ग्रामीणों ने ऐसा सख्त फैसला लिया है, जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। गांव में अवैध शराब और गांजा बेचते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने का ऐलान किया गया है। इतना ही नहीं, नशे के कारोबार की सूचना देने अथवा आरोपी को पकड़वाने में सहयोग करने वाले व्यक्ति को 11 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। नशे के खिलाफ इस मुहिम को मजबूती देने के लिए गांव के करीब 70 युवाओं की विशेष निगरानी टीम भी गठित की गई है।
दरअसल, ग्राम पंचायत सांकरा बरमकेला जनपद मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर ओडिशा सीमा से सटा हुआ है। पांच हजार से अधिक आबादी वाले इस गांव में अवैध शराब और गांजे की बिक्री तथा सप्लाई को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। ग्रामीणों को सबसे अधिक चिंता इस बात की थी कि नशे का बढ़ता कारोबार गांव की युवा पीढ़ी को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। इससे सामाजिक वातावरण प्रभावित होने के साथ युवाओं का भविष्य भी खतरे में पड़ने की आशंका बढ़ रही थी। इसी समस्या को देखते हुए अब ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभालने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में स्थानीय शारदा पूजन समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने जगन्नाथ मंदिर परिसर में सार्वजनिक बैठक आयोजित की। बैठक में सरपंच, पंच, गांव के बुजुर्गों और युवाओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। सभी ने एकमत होकर निर्णय लिया कि सांकरा गांव में अवैध शराब और गांजे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार, सार्वजनिक बैठक से पहले लगातार तीन दिनों तक अवैध शराब और गांजा बेचने वालों के घर जाकर समझाइश भी दी गई थी। इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर अब सामूहिक निगरानी और सख्त कदम उठाने का फैसला किया गया।
बैठक में तय किया गया कि गांव में अवैध शराब या गांजा बेचते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति पर एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। वहीं, इस अवैध कारोबार की सूचना देने अथवा आरोपी को पकड़वाने में सहयोग करने वाले व्यक्ति को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। ग्रामीणों का मानना है कि इस पहल से अवैध कारोबार करने वालों पर दबाव बनेगा और लोग नशे के खिलाफ खुलकर सामने आएंगे।
नशे के खिलाफ अभियान को केवल घोषणा तक सीमित नहीं रखा गया है। इसके लिए करीब 70 युवाओं की विशेष निगरानी टीम तैयार की गई है, जो प्रतिदिन शाम को गांव के अलग-अलग गली-मोहल्लों में भ्रमण करेगी। शारदा पूजन समिति से जुड़े विनोद दास, राजू साहू, मोहित प्रधान और संजय प्रधान सहित अन्य युवा इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। टीम संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगी और अवैध कारोबार से जुड़ी जानकारी पुलिस एवं जिम्मेदार ग्रामीणों तक पहुंचाएगी।
ग्राम सांकरा की इस सामूहिक पहल को पुलिस विभाग की ओर से भी सराहना मिली है। सरिया थाना प्रभारी सत्यवादी साहू ने बताया कि ग्राम पंचायत सांकरा के ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ सराहनीय पहल की है। उन्होंने जानकारी दी कि आसपास की ग्राम पंचायत खैरगढ़ी और रिसोरा में भी अवैध शराब की बिक्री बंद कराने को लेकर निर्णय लिए गए हैं। अन्य गांवों में भी इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि गांव की युवा पीढ़ी का भविष्य नशे के कारोबार की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा। एक ओर 70 युवाओं की निगरानी टीम तैयार है, तो दूसरी ओर ग्रामीणों की सामूहिक एकजुटता इस अभियान को मजबूती दे रही है। हालांकि, ग्रामीणों द्वारा घोषित जुर्माना और पुरस्कार की व्यवस्था को कानून के अनुरूप लागू करना जरूरी होगा। अवैध शराब और गांजे की बिक्री के मामलों में वैधानिक कार्रवाई पुलिस एवं संबंधित विभाग द्वारा ही की जाएगी। अब देखना होगा कि सांकरा के ग्रामीणों की यह एकजुटता नशे के अवैध कारोबार पर कितनी प्रभावी रोक लगा पाती है।