सारंगढ़

बरमकेला में कांग्रेस की जनचौपाल, ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान से मतदाताओं को किया जागरूक…

बरमकेला। लोकतंत्र की मजबूती और मतदाताओं के अधिकारों के संरक्षण के उद्देश्य से कांग्रेस ने बरमकेला में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत जनचौपाल का आयोजन किया। सोमवार, 16 नवंबर को बरमकेला के साप्ताहिक बाजार में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों से सीधा संवाद कर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित जनचौपाल का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर पटेल ने किया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने साप्ताहिक बाजार में पहुंचे लोगों से मुलाकात की और अभियान से संबंधित पोस्टर वितरित किए। नेताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए महंगाई, बेरोजगारी, आम जनता की समस्याओं तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

जनचौपाल में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। मतदान का अधिकार केवल सरकार चुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी समझें, मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहें।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर पटेल ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। इसके माध्यम से आम नागरिकों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उनकी समस्याओं और मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।

कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बरमकेला के साप्ताहिक बाजार में आयोजित इस जनचौपाल के जरिए कांग्रेस ने मतदाता जागरूकता के साथ स्थानीय स्तर पर अपना जनसंपर्क अभियान भी संचालित किया।

Back to top button