सारंगढ़

बाल विवाह के खिलाफ गूंजी आवाज, तीन बेटियों को मिली साइकिल की सौगात…

सारंगढ़। बाल विवाह, बाल मजदूरी और बाल शोषण जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को पंडित हृदयानंद पाणिग्राही शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय भीखमपुरा में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘सशक्त बचपन, सुरक्षित भविष्य’ रखी गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा नायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

कार्यक्रम का खास आकर्षण सपेरा बस्ती की तीन छात्राओं को साइकिल वितरण रहा। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा के भीखमपुरा प्रवास के दौरान स्थानीय सपेरा बस्ती की छात्राओं कु. रिंकी सिदार, कु. पदमा सिदार एवं कु. पुलेश्वरी सिदार ने उनसे साइकिल की मांग की थी। छात्राओं की जरूरत को समझते हुए डॉ. शर्मा ने उनकी मांग स्वीकार की थी। इसी पहल के तहत बुधवार को तीनों बालिकाओं को साइकिल प्रदान की गई। साइकिल की सौगात पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे। यह पहल बालिकाओं की शिक्षा और उनके आत्मविश्वास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल तस्करी एवं बाल यौन शोषण जैसी गंभीर सामाजिक बुराइयों के प्रति विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बच्चों को इन समस्याओं के दुष्परिणाम बताते हुए अपने अधिकारों, सुरक्षा और संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न या परेशानी की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी दी गई।

मुख्य अतिथि डॉ. अभिलाषा नायक ने कहा कि बच्चों का सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें अच्छे संस्कार भी विकसित कर रहे हैं। उन्होंने स्कूल परिसर की साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य तथा पढ़ाई में एकाग्रता के लिए बेहद जरूरी बताया। साथ ही सभी विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला बाल संरक्षण अधिकारी पायल साहू, संरक्षण अधिकारी मीनू पटेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार कुर्रे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत नायक, शिक्षक षष्ठीचरण गुरु सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Back to top button