अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग का बड़ा प्रहार, तीन ट्रैक्टर जब्त…

सारंगढ़। जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम लगातार निगरानी और औचक निरीक्षण कर रही है। इसी कड़ी में 18 नवंबर को खनिज विभाग के अमले ने तहसील सारंगढ़ के ग्राम जशपुर और बड़े गुंतली में अचानक दबिश देकर अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान साधारण रेत का बिना वैध अनुमति परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टर पकड़े गए। खनिज विभाग की टीम ने तत्काल तीनों ट्रैक्टरों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर थाना सारंगढ़ के सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि खनिज संपदा का अवैध दोहन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खनिज विभाग द्वारा जिले में रेत की वैध उपलब्धता सुनिश्चित करने और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रेत नियम 2025 के तहत प्रतिलोम नीलामी के माध्यम से सात नवीन रेत घाटों की निविदा प्रक्रिया पूरी की गई है। इनमें तहसील सारंगढ़ के दहिदा एवं जसपुर तथा तहसील सरिया के बरगांव के कुल तीन रेत घाटों के संचालन की अनुमति प्रदान की गई है। इन अधिकृत रेत घाटों से रेत परिवहन के लिए खनिज वेब पोर्टल के माध्यम से ई-टीपी जारी की जाएगी। बिना वैध ई-टीपी के खनिज परिवहन करते पाए जाने पर संबंधित वाहन मालिकों और परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, शासन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को राहत देते हुए ‘ई-रेत संगवारी’ मोबाइल ऐप के माध्यम से रेत परिवहन में विशेष छूट की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके तहत पात्र हितग्राही मोबाइल ऐप से प्रमाण पत्र प्राप्त कर अपने आवास निर्माण के लिए निःशुल्क रेत परिवहन की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
खनिज विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि रेत का परिवहन केवल वैध स्रोतों और आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही करें। अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचित करें। इस संबंध में अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए सहायक नोडल अधिकारी दिलीप साहू के मोबाइल नंबर 7000032637 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि अब जिले में अवैध रेत कारोबार पर निगरानी और सख्ती दोनों बढ़ेंगी।