सारंगढ़

महानदी का पानी उद्योगों को, ग्रामीण बूंद-बूंद को मोहताज…

 

सारंगढ़। जिले के प्रमुख जलस्रोतों में शामिल बसंतपुर बैराज को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि जल संसाधन विभाग द्वारा बैराज के गेट बंद कर महानदी के पानी को रोककर जांजगीर-चांपा जिले के उद्योगपतियों को उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं बैराज के निचले हिस्से में रहने वाले ग्रामीणों को निस्तारी के लिए पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति से न केवल ग्रामीणों की परेशानी बढ़ी है, बल्कि महानदी के पानी पर निर्भर फल एवं सब्जी उत्पादक किसानों की आजीविका पर भी संकट मंडराने लगा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि बसंतपुर बैराज के गेट बंद होने से महानदी का पर्याप्त पानी नीचे की ओर नहीं पहुंच पा रहा है। इसका असर सलिहा घाट सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है। नदी के पानी से दैनिक निस्तारी करने वाले ग्रामीणों के सामने समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब महानदी का पानी स्थानीय लोगों की जरूरतों को पूरा करने का प्रमुख साधन है, तो फिर उनके हिस्से का पानी रोककर उद्योगों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था क्यों की जा रही है?

किसानों की रोजी-रोटी पर मंडराया संकट

बसंतपुर बैराज के निचले हिस्से में नदी किनारे अनेक किसान फल एवं सब्जियों की खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इन किसानों की खेती काफी हद तक महानदी में उपलब्ध पानी पर निर्भर है। नदी में पानी का प्रवाह कम होने से सिंचाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। यदि यही स्थिति बनी रही तो किसानों को फसल उत्पादन में नुकसान उठाना पड़ सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि उद्योगों को पानी उपलब्ध कराने के नाम पर स्थानीय किसानों की आजीविका और ग्रामीणों की बुनियादी जरूरतों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

किस आदेश से बंद हैं बैराज के गेट?

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल जल संसाधन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शासन स्तर पर बैराजों के गेट बंद नहीं रखने संबंधी निर्देश होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में विभाग को स्पष्ट करना चाहिए कि बसंतपुर बैराज के गेट किस आदेश के तहत बंद किए गए हैं? महानदी का पानी किस उद्देश्य से रोका जा रहा है और जांजगीर-चांपा के उद्योगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए क्या व्यवस्था की गई है? इन सवालों का जवाब विभागीय अधिकारियों को सार्वजनिक करना चाहिए, ताकि वस्तुस्थिति स्पष्ट हो सके।

कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग

ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि बैराज के गेट बंद रखने के मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा नदी के निचले हिस्से में पर्याप्त जल प्रवाह सुनिश्चित किया जाए। इससे सलिहा घाट सहित आसपास के गांवों में निस्तारी की समस्या दूर होगी और नदी के पानी पर निर्भर किसानों को भी राहत मिल सकेगी।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि महानदी के पानी के उपयोग में स्थानीय ग्रामीणों और किसानों की जरूरतों को कितनी प्राथमिकता दी जा रही है? उद्योगों की जल जरूरतें अपनी जगह हैं, लेकिन उनके कारण ग्रामीणों को निस्तारी के पानी से वंचित होना पड़े और किसानों की आजीविका प्रभावित हो, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन को इस मामले में स्थिति स्पष्ट कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि महानदी का पानी उद्योगों तक पहुंचने के साथ-साथ नदी के निचले हिस्से में रहने वाले ग्रामीणों और किसानों की जरूरतों के लिए भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे।

Back to top button