सारंगढ़

सारंगढ़:जनदर्शन में गूंजी आम जनता की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश…

 

सारंगढ़। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और उनकी मांगों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने समय-सीमा की बैठक के बाद कलेक्टर जनदर्शन आयोजित किया। इसमें जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने एक-एक आवेदक की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनदर्शन में भूमि संबंधी समस्या को लेकर पहुंचे आवेदक राम कुमार ने पुराने नक्शे के आधार पर भूमि का नक्शा सुधारने और सीमांकन कराने की मांग रखी। वहीं ग्राम कलमी की आवेदिका मालती ने आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। आवेदिका का कहना था कि भर्ती में अपात्र अभ्यर्थी को नियुक्ति दी गई, जबकि पात्र अभ्यर्थी को अवसर से वंचित कर दिया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित करने का आग्रह किया।

इसी तरह ग्राम दानसरा के समलाई एवं जगन्नाथ मंदिर चौक में शेड निर्माण कराने की मांग भी जनदर्शन में उठाई गई। ग्राम अमेठी में अवैध कब्जा हटाने को लेकर ग्रामीणों ने आवेदन दिया। धुमाभाठा निवासी ईश्वर प्रसाद ने आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता दिलाने की मांग रखी।

इसके अलावा शौचालय निर्माण, ग्राम बसीनपाली के निवासियों को वन अधिकार पट्टा प्रदान करने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की पिछले तीन वर्षों से लंबित राशि का भुगतान कराने जैसे महत्वपूर्ण मामले भी जनदर्शन में सामने आए। इन आवेदनों के माध्यम से ग्रामीणों ने अपनी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के निराकरण की उम्मीद जताई।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक जांच कर पात्रतानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा की जाए और आवेदकों को कार्रवाई एवं निराकरण की स्थिति से समय पर अवगत कराया जाए। जनदर्शन के माध्यम से एक बार फिर आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिला।

Back to top button