सारंगढ़

अटल जी के सपनों का छत्तीसगढ़ बनाएंगे : सांसद राधेश्याम राठिया…

 

सारंगढ़। जिला मुख्यालय स्थित खेलभांठा मैदान में जिला स्तरीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का शुभारंभ सांसद राधेश्याम राठिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ। अब हम सबकी जिम्मेदारी है कि अटल जी के बनाए इस छत्तीसगढ़ को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि इन महापुरुषों का संघर्ष और बलिदान प्रदेश की पहचान एवं गौरव का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

सांसद ने अपने उद्बोधन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए हर घर तक नल से जल पहुंचाने, प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने, किसानों से धान खरीदी, लखपति दीदी योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

कार्यक्रम के दौरान सांसद राधेश्याम राठिया ने जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ दर्शक दीर्घा में बैठकर स्कूली बच्चों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। उनकी इस सहभागिता से समारोह में उपस्थित लोगों के बीच आत्मीयता का माहौल देखने को मिला।

वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आत्मनिर्भर गांव और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का आह्वान करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास ही प्रदेश की प्रगति का आधार है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक केराबाई मनहर, शमशेर सिंह सारथी, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, सुभाष जालान, द्वारिका साहू, अजय जवाहर नायक, बेदराम जांगड़े, मनोज जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम दशरथ राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी समारोह में शामिल हुए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विभागीय प्रदर्शनी और जनभागीदारी के साथ जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Back to top button