सारंगढ़

सारंगढ़ में जमीन विवाद में खूनी वारदात, नाबालिग ने चाकू से बुआ पर किया हमला, अस्पताल में मौत…

 

सारंगढ़। सिटी कोतवाली सारंगढ़ क्षेत्र में पारिवारिक जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पुराने विवाद और आपसी रंजिश के चलते परिवार के ही एक नाबालिग युवक ने अपनी रिश्ते की बुआ पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान तुलबाई जांगड़े (लगभग 35 वर्ष) निवासी पिंडरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ वर्षों से मेढ़ापाली भोजपुर गांव में रह रही थीं। गुरुवार 12 नवंबर को वह किसी काम से अपने गांव पिंडरी आई हुई थीं। इसी दौरान जमीन विवाद को लेकर परिवार में पहले से चल रही आपसी खींचतान एक बार फिर सामने आ गई।

बताया जा रहा है कि इसी विवाद के दौरान परिवार के ही एक नाबालिग युवक और तुलबाई जांगड़े के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नाबालिग ने कथित तौर पर चाकू से अपनी रिश्ते की बुआ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गईं। वारदात के बाद आरोपी नाबालिग मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली सारंगढ़ पुलिस तत्काल हरकत में आई। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिवार के भीतर जमीन विवाद को लेकर हुई इस खूनी वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस फरार नाबालिग की तलाश में जुटी है। घटना के वास्तविक कारणों, विवाद की पृष्ठभूमि और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की आगे की कार्रवाई के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Back to top button