सारंगढ़

सारंगढ़: 31 माह से श्रम सम्मान राशि नहीं, कर्मचारियों ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी…

बिलाईगढ़। ब्लॉक के आश्रम एवं छात्रावासों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को पिछले 31 माह से श्रम सम्मान राशि का भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई है। लंबे समय से बकाया राशि मिलने का इंतजार कर रहे कर्मचारियों ने अब प्रशासन से भुगतान की मांग करते हुए एसडीएम बिलाईगढ़ को ज्ञापन सौंपा है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि आगामी 10 दिनों के भीतर बकाया श्रम सम्मान राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो वे भूख हड़ताल करने के लिए बाध्य होंगे।

कर्मचारियों का कहना है कि लगातार 31 माह से श्रम सम्मान राशि नहीं मिलने के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। रोजमर्रा के खर्च, परिवार का भरण-पोषण और अन्य जरूरी जिम्मेदारियां निभाना मुश्किल हो रहा है। इसके बावजूद लंबे समय से भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष गहराता जा रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने शासन-प्रशासन से बकाया श्रम सम्मान राशि का जल्द भुगतान करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि 10 दिवस के भीतर उनकी मांग पूरी नहीं होती है, तो वे भूख हड़ताल शुरू करेंगे। कर्मचारियों ने भूख हड़ताल की स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होने की बात कही है।

ज्ञापन सौंपने वालों में देवराम बारले, मेघनाथ लहरे, केशव प्रसाद प्रेमी, नागेश्वर निराला, भजन मती, पील कुमार, श्रवण, रंजीत, राम विशाल यादव, रमेंदर खुंटे, सुनीता चौहान, राजेश्वरी सिदार, निर्मला नारंग, मनोज बंजारे, धनेश्वरी, अनीता टंडन, शशिकांत मनहर, खगेश्वर टांडेल, खिलेश्वर साहू और ईगेश्वर साहू सहित अनेक कर्मचारी शामिल रहे।

अब कर्मचारियों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई और बकाया राशि के भुगतान पर टिकी है। 31 माह से लंबित भुगतान को लेकर उठी यह मांग यदि समय रहते पूरी नहीं हुई, तो बिलाईगढ़ में कर्मचारियों का आंदोलन तेज होने की संभावना है।

Back to top button