सारंगढ़

सारंगढ़ में जंगली सुअर के शिकार का मामला: दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी को बचाने के आरोप से बढ़ा विवाद….

सारंगढ़। वन्यजीवों के अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए वन विभाग लगातार निगरानी और कार्रवाई का दावा कर रहा है। इसी बीच सारंगढ़ क्षेत्र के ग्राम सेमरापाली में जंगली सुअर के शिकार और मांस बरामदगी का मामला सामने आया है। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, लेकिन मामले में एक अन्य व्यक्ति को बचाए जाने की चर्चा ने कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग को सूत्रों से सूचना मिली थी कि ग्राम सेमरापाली में जंगली सुअर का शिकार किया गया है और उसका मांस रखे जाने की संभावना है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वॉयड की सहायता से तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान टीम ने मौके से जंगली सुअर का मांस एवं बाल बरामद कर जब्त किया।

इस मामले में वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण क्रमांक 4923/19, दिनांक 21 नवंबर 2026 दर्ज किया है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विस्तृत विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान भेष कुमार थुरिया एवं युवराज उर्फ मोहन पटेल को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायालय सारंगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के अवैध शिकार और वन अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग का कहना है कि वन्यजीव संरक्षण के लिए ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

हालांकि, इस कार्रवाई के बीच स्थानीय सूत्रों के हवाले से त्रिलोकी पटेल उर्फ घुराऊ पटेल को इस प्रकरण में बचाए जाने की चर्चा भी सामने आ रही है। यदि यह आरोप सही है, तो जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। आखिर वन विभाग की जांच में सभी संदिग्धों की भूमिका की समान रूप से पड़ताल की गई है या नहीं, यह स्पष्ट होना जरूरी है।

अब इस मामले में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि वन विभाग कथित मुख्य आरोपी की भूमिका को लेकर क्या जांच करता है और क्या पूरे प्रकरण में सभी संदिग्धों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।

Back to top button