सारंगढ़

भटगांव में भीषण हादसा: पेड़ से टकराई कार, 18 वर्षीय युवक की मौत, दूसरा गंभीर…

 

बिलाईगढ़। नगर पंचायत भटगांव के मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार आल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर धनुष के आकार में मुड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक CG 12 D 5316 में अकरम खान और ताहिर खान, दोनों करीब 18 वर्ष के युवक सवार थे। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान अचानक ब्रेक लगाने पर वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन में सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

एक युवक की मौत, चालक गंभीर हालत में रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल बिलाईगढ़ पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने कार में बगल की सीट पर बैठे ताहिर खान को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल चालक अकरम खान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।

पुलिस जांच में जुटी, हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश

भटगांव पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। वाहन की स्थिति, दुर्घटना के घटनाक्रम और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

नाबालिगों को वाहन देने पर पुलिस की सख्त अपील

दर्दनाक हादसे के बाद भटगांव पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने के लिए बिल्कुल न दें। कम उम्र में वाहन चलाना न केवल बच्चों, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। अभिभावकों को बच्चों की वाहन चलाने की जिद पर रोक लगाते हुए जिम्मेदारी निभाने की आवश्यकता है।

इस हादसे की खबर से भटगांव नगर में शोक की लहर दौड़ गई है। कम उम्र में एक युवक की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने की घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।

Back to top button