सारंगढ़ में चक्रवातों की मार से किसान बेहाल, खेतों में बिछी धान की फसल…

भटगांव। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पहले अर्नब तूफान, फिर मुरासु और अब अकवान चक्रवात के प्रभाव से मौसम बिगड़ने के कारण कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। इसका सीधा असर खेतों में खड़ी और कटाई के बाद रखी धान की फसल पर पड़ रहा है। तेज हवा और बारिश के चलते खेतों में खड़ी धान की फसल जमीन पर गिर गई है, वहीं कटाई कर खेतों में रखी फसल भी भीगकर खराब होने की आशंका से किसान चिंतित हैं।
सारंगढ़ क्षेत्र में किसानों के सामने दोहरी परेशानी खड़ी हो गई है। एक ओर खेतों में खड़ी फसल तेज हवाओं के कारण गिरकर बर्बाद हो रही है, तो दूसरी ओर कटाई के बाद खेतों में रखे धान को सुरक्षित रखने की चुनौती सामने है। धान खरीदी केंद्रों और सोसाइटी तक ले जाने के लिए तैयार फसल भी खुले में रखी होने के कारण बारिश की चपेट में आ रही है। लगातार नमी और खेतों में पानी भरने से धान की बालियों के खराब होने तथा गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।
किसानों का कहना है कि इस साल खेती पहले से ही महंगी हो चुकी है। खाद, बीज, मजदूरी, कृषि कार्यों में लगने वाले संसाधनों और अन्य खर्चों ने आर्थिक बोझ बढ़ा दिया था। ऐसे में एक के बाद एक मौसम की मार ने उनकी सालभर की मेहनत और उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। खेतों में पककर तैयार धान को देखकर किसान खुश होने की तैयारी में थे, लेकिन बेमौसम बारिश ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है।
किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फसल नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराया जाए और वास्तविक नुकसान के आधार पर राहत प्रदान की जाए। किसानों ने कृषि ऋण माफ करने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जल्द मुआवजा दिलाने तथा बारिश से प्रभावित धान की फसल को लेकर विशेष राहत व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई है।
किसानों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा की लगातार मार झेलने के बावजूद अब तक उन्हें कोई ठोस राहत नहीं मिली है। यदि जल्द मौसम साफ नहीं हुआ और प्रशासन ने समय रहते राहत कदम नहीं उठाए, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इस संकट के बीच किसानों की नजर अब शासन की राहत और मुआवजा व्यवस्था पर टिकी हुई है।