सारंगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर ठगी से बचने की अपील, सीईओ संजू पटेल ने कहा किसी को पैसे न दें…

सारंगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2026-27 के तहत पात्र हितग्राहियों के आवास स्वीकृति की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इसी बीच जनपद पंचायत बरमकेला की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) संजू पटेल ने ग्रामीणों को योजना के नाम पर ठगी करने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आवास योजना का लाभ दिलाने, सूची में नाम जुड़वाने, आवास स्वीकृत कराने अथवा किस्त जारी करवाने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो ग्रामीण उसके झांसे में बिल्कुल न आएं।
सीईओ संजू पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण पूरी तरह निःशुल्क है। पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए किसी भी स्तर पर कोई राशि नहीं ली जा रही है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि या बिचौलिया बनकर आवास स्वीकृति अथवा किस्त दिलाने के एवज में पैसे मांगता है, तो उसे किसी भी प्रकार की राशि न दें और तत्काल जनपद पंचायत कार्यालय को इसकी सूचना दें।
उन्होंने बताया कि आवास स्वीकृत होने के बाद योजना की राशि सीधे हितग्राही के बैंक खाते में भेजी जाएगी, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे और पात्र लोगों को बिना किसी परेशानी के योजना का लाभ मिल सके। हितग्राहियों को राशि प्राप्त होने के बाद निर्धारित समयावधि, लगभग 3 से 6 माह के भीतर आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने की अपेक्षा की गई है।
सीईओ संजू पटेल ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी बिचौलिए या दलाल के बहकावे में न आएं और आवास योजना से संबंधित जानकारी केवल अधिकृत कार्यालयों से ही प्राप्त करें। प्रशासन की प्राथमिकता योजना का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से पहुंचाना है।
उन्होंने ग्रामीणों से जागरूक रहने, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की पैसे मांगने संबंधी गतिविधि की सूचना तत्काल जनपद पंचायत को देने तथा सरकारी योजनाओं के नाम पर होने वाली ठगी से बचने का आग्रह किया है।