रायगढ़

एसएसपी शशि मोहन सिंह की सख्ती से अपराधियों पर शिकंजा, लंबित मामलों के निपटारे को दी सर्वोच्च प्राथमिकता…

रायगढ़, 21 नवंबर। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराधों के लंबित मामलों में कमी, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी ने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों एवं शाखा प्रमुखों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी एक माह के लिए लक्ष्य निर्धारित किए।

एसएसपी शशि मोहन सिंह की कार्यशैली में अपराध नियंत्रण के साथ जवाबदेही और परिणाम आधारित पुलिसिंग पर विशेष जोर दिखाई दिया। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अगले एक माह के भीतर लंबित अपराधों की संख्या में उल्लेखनीय कमी लाई जाए तथा थानों में अपराधों की पेंडेंसी 5 प्रतिशत से अधिक न रहे। इसके लिए केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि योजनाबद्ध विवेचना, नियमित समीक्षा और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

नवीन आपराधिक कानूनों के तहत दर्ज अपराधों का 60 एवं 90 दिवस की निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने, विवेचना पूर्ण होने के बाद लंबित चालानों को शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत करने तथा सीसीटीएनएस पोर्टल में प्रत्येक प्रकरण की आवश्यक प्रविष्टियां सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। लंबे समय से लंबित अपराधों और तीन माह से अधिक लंबित मर्ग मामलों के निराकरण को लेकर भी एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

ठंड के मौसम में चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए रात्रि गश्त को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं बाहरी गिरोहों की गतिविधियों पर नजर रखने, पिकनिक स्पॉट और पर्यटन स्थलों पर नियमित पेट्रोलिंग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश देकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की पहल की गई।

जिले में संचालित ऑपरेशन आघात, ऑपरेशन अंकुश, ऑपरेशन प्रहार, अभियान संवेदना एवं ऑपरेशन शंखनाद की थानावार समीक्षा करते हुए एसएसपी ने इन अभियानों को और गति देने के निर्देश दिए। सक्रिय बदमाशों पर गुंडा एवं निगरानी बदमाश की कार्रवाई, जिला बदर के प्रस्ताव, सट्टा गतिविधियों में संलिप्त खाईवालों पर शिकंजा तथा उनकी अवैध संपत्ति जब्ती की दिशा में भी प्रभावी कार्ययोजना बनाने को कहा।

लंबित गुम बालक-बालिकाओं एवं गुम इंसानों की दस्तयाबी को लेकर एसएसपी ने संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ काम करने पर जोर दिया। परिजनों, परिचितों, पंच-सरपंच और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ के साथ मोबाइल व अन्य तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग कर गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश तेज करने के निर्देश दिए।

तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए NETGRID सॉफ्टवेयर के अधिकाधिक उपयोग, फरार आरोपियों एवं वारंटियों का डाटा अपलोड करने, प्रत्येक अपराध में ई-साक्ष्य तैयार करने और सीसीटीएनएस कार्यों को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए। किराएदारों का सत्यापन, मकान मालिकों को सिटीजन पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने के लिए जागरूक करना, होटल-लॉज की नियमित जांच तथा अवैध रूप से निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने पर भी विशेष फोकस रहा।

सड़क सुरक्षा को लेकर भी एसएसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए तेज रफ्तार वाहनों की नियमित जांच, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रतिदिन अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एडिशनल एसपी यातायात पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, सिद्धांत तिवारी, सतीश भार्गव, उत्तम प्रताप सिंह, शिखर मरावी, रोहित शुक्ला, सुशांतो बनर्जी, एफएसएल अधिकारी, रक्षित निरीक्षक सहित जिले के समस्त थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

एसएसपी शशि मोहन सिंह की समीक्षा बैठक से साफ संदेश है कि रायगढ़ पुलिस अब लंबित मामलों को घटाने, अपराधियों पर सख्ती, तकनीकी संसाधनों के उपयोग और जनता की सुरक्षा को लेकर लक्ष्य आधारित कार्रवाई के मूड में है।

Back to top button