सारंगढ़

संजय भूषण पाण्डेय ने दिखाई हरी झंडी, 40 महिला पशुपालक सीखेंगी आधुनिक पशुपालन के गुर….

 

सारंगढ़/ ग्रामीण महिलाओं को पशुपालन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कृषक कौशल विकास योजना के अंतर्गत जिले की 40 महिला पशुपालकों का सात दिवसीय अंतरराज्यीय शैक्षणिक भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को प्रारंभ हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर प्रशिक्षण दल को रवाना किया।

इस शैक्षणिक भ्रमण में विकासखंड सारंगढ़ की 20 तथा विकासखंड बरमकेला की 20 महिला पशुपालक शामिल हैं। भ्रमण के दौरान महिला पशुपालक ओडिशा राज्य के बरगढ़, पिपलिमा, भुवनेश्वर एवं पुरी स्थित विभिन्न पशुपालन, पशु चिकित्सा, कृषि और अनुसंधान संस्थानों का दौरा करेंगी। यहां उन्हें पशुपालन के क्षेत्र में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक पद्धतियों एवं सफल पशुपालन मॉडल से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान महिला पशुपालकों को उन्नत प्रजनन प्रबंधन, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की तकनीक, संतुलित पशु पोषण, हरा चारा उत्पादन, पशुओं के स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण, जैव सुरक्षा उपायों तथा वैज्ञानिक पशुपालन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिलेगा, जिससे वे अपने गांवों में लौटकर प्राप्त ज्ञान एवं तकनीकों का उपयोग पशुपालन व्यवसाय में कर सकेंगी।

इस अवसर पर सारंगढ़ अनुविभागीय अधिकारी श्री दशरथ सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी एवं उपसंचालक महेंद्र पांडे, जनपद सदस्य कोमल शशि पटेल, सभापति कृषि स्थाई समिति सहित पशुधन विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिला पशुपालकों की पारंपरिक जानकारी को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ना, उनकी दक्षता एवं कार्यक्षमता बढ़ाना और पशुपालन को अधिक लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करना है। इस तरह के प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक भ्रमण से ग्रामीण महिलाओं को पशुपालन में नए अवसरों की जानकारी मिलेगी तथा वे बेहतर उत्पादन, कम लागत और अधिक आय की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।

महिला पशुपालकों को प्रशिक्षण के लिए अंतरराज्यीय भ्रमण पर भेजने की यह पहल ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने, महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम करने और पशुपालन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की नई राह खोलने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

Back to top button