सारंगढ़

यातायात प्रभारी जितेंद्र चंद्रा का सख्त एक्शन, 20 वाहन चालकों पर कार्रवाई; 12,600 रुपये जुर्माना वसूला…

सारंगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में लापरवाह वाहन चालकों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।

अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कुल 20 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इनसे कुल 12,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई में तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने के 8 मामले, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के 8 मामले, नो एंट्री नियमों के उल्लंघन के 2 मामले तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने के 2 मामले शामिल हैं।

जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा ने अपनी टीम के साथ न केवल नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन की समझाइश भी दी। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। हेलमेट के बिना दोपहिया वाहन चलाना, तीन सवारी बैठाना और वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करना गंभीर जोखिम पैदा करता है।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने और नो एंट्री क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी। साथ ही चेतावनी दी गई कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई के साथ ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है।

जिला यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों को केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी समझें। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने के लिए वाहन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Back to top button