पंचायत प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य योजनाओं की निगरानी का प्रशिक्षण…

कोसीर। गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से कोसीर स्थित समरसता भवन में पंचायत प्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कोसीर, भाठागांव, सिंघनपुर, भद्रा सहित आसपास के गांवों के सरपंच एवं पंचों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की निगरानी, विभागीय समन्वय, जीपीडीपी (ग्राम पंचायत विकास योजना) के प्रभावी उपयोग और आवश्यक अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में गीता चौहान, मीना कुमारी लहरे और देवकुमारी श्रीवास ने प्रशिक्षक के रूप में प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांव के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। इसलिए उन्हें अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए जीपीडीपी का सही उपयोग करना चाहिए तथा संबंधित विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर कार्य करना चाहिए।
इस दौरान स्वास्थ्य योजनाओं, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने इन योजनाओं के क्रियान्वयन में पंचायतों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया।
प्रशिक्षण में शामिल पंचायत प्रतिनिधियों ने इसे उपयोगी पहल बताते हुए कहा कि इससे उन्हें पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं की निगरानी, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।