सीमेंट से भरे ट्रक ने स्कूली वैन को मारी टक्कर, 20 बच्चे थे सवार…

रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम ढोरम के पास टेरम बायपास में सीमेंट से भरी तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूली बच्चों से भरी वैन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूली वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वैन में करीब 20 बच्चे सवार थे। अचानक हुए इस हादसे से बच्चों में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेरम ग्राम के सरपंच प्रदीप राठिया ने ग्रामीणों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकलवाया और तत्काल उपचार के लिए घरघोड़ा अस्पताल भिजवाया। वहीं घरघोड़ा बीएमओ डॉ. एस.आर. पैंकरा अपनी मेडिकल टीम के साथ अस्पताल में बच्चों के उपचार में जुटे हुए हैं।
- हादसे की खबर फैलते ही परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल बन गया। फिलहाल अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है। हादसे में कितने बच्चे घायल हुए हैं और उनकी स्थिति कैसी है, इसे लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।