सारंगढ़

भागवत कथा में पहुंचे जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, दिया भक्ति और कर्म का संदेश…

 

सारंगढ़। ग्राम पंचायत टांडीपार में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने व्यास पीठ को नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रद्धापूर्वक श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया। कथा स्थल पर उनकी उपस्थिति से श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर अपने संबोधन में संजय भूषण पांडेय ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्ति, सदाचार और जीवन में संस्कारों को आत्मसात करने का माध्यम है। वहीं श्रीमद्भगवद्गीता मनुष्य को धर्म, कर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कुरुक्षेत्र में अर्जुन के मोह और भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिए गए उपदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन” अर्थात मनुष्य का अधिकार केवल कर्म करने में है, उसके फल पर नहीं।

उन्होंने आगे कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए केवल शक्ति और सामर्थ्य ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विवेक, ज्ञान और अच्छे संस्कारों का होना भी उतना ही आवश्यक है। भागवत कथा का श्रवण करना पुण्य का कार्य है, लेकिन कथा में बताए गए आदर्शों और विचारों को अपने जीवन के आचरण में उतारना ही सच्ची भक्ति है। धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मकता, आपसी सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूती मिलती है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति डॉ. हरिहर जायसवाल, दिलीप साहू, भरत राम साहू, अनुज जायसवाल, ओमप्रकाश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। आयोजन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

Back to top button