सारंगढ़

सारंगढ़ में प्रशासनिक सर्जरी! तहसीलदारों के प्रभार में बड़ा फेरबदल, कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी…

 

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कार्यालय ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के कार्यभार एवं पदस्थापना में महत्वपूर्ण फेरबदल किया है। कलेक्टर कार्यालय से 14 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत पांच अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस प्रशासनिक बदलाव में तहसीलदार, नायब तहसीलदार और भू-अभिलेख शाखा के अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, तहसीलदार नंदकिशोर सिन्हा को तहसीलदार सारंगढ़ के पद पर यथावत रखा गया है। वहीं तहसीलदार नेत्रप्रभा सिदार, जो वर्तमान में तहसीलदार भटगांव के पद पर पदस्थ थीं, उन्हें जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की संयुक्त भू-अभिलेख शाखा में पदस्थ किया गया है।

इसी तरह प्रकाश पटेल, जो वर्तमान में अतिरिक्त तहसीलदार सारंगढ़ के रूप में कार्यरत थे, उन्हें तहसीलदार भटगांव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही उन्हें उप पंजीयक भटगांव के दायित्वों का कार्यभार भी सौंपा गया है।

वहीं अधीक्षक भू-अभिलेख आशीष पटेल को वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ अतिरिक्त तहसीलदार सारंगढ़ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा नायब तहसीलदार देवराज सिंह सिदार, जो वर्तमान में बिलाईगढ़ में पदस्थ थे, उन्हें नायब तहसीलदार सारंगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह प्रशासनिक फेरबदल तत्काल प्रभाव से लागू होगा। आदेश कलेक्टर की अनुमति से जारी किया गया है।

इस फेरबदल को जिले में राजस्व प्रशासन की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने और अधिकारियों के बीच कार्यों का नए सिरे से विभाजन करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों के सामने राजस्व संबंधी प्रकरणों के निराकरण, आम जनता की समस्याओं के समाधान और प्रशासनिक कार्यों को गति देने की चुनौती होगी।

Back to top button