खाकी का फर्ज ही नहीं, समाज के भविष्य की चिंता भी! जितेंद्र चंद्रा की पहल बनी प्रेरणा

सारंगढ़। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला यातायात पुलिस द्वारा श्री श्याम वर्ल्ड स्कूल, बिलाईगढ़ में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव और नए कानूनों की महत्वपूर्ण जानकारी देकर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा ने बाल दिवस के महत्व और पंडित जवाहरलाल नेहरू के बच्चों के प्रति स्नेह एवं उनके उज्ज्वल भविष्य से जुड़े विचारों पर प्रकाश डालते हुए की। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए अच्छी शिक्षा के साथ अनुशासन, अच्छे संस्कार और स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है।
यातायात जागरूकता सत्र में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की विस्तार से जानकारी दी। बच्चों को स्पष्ट रूप से समझाया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र में मोटरसाइकिल या कार जैसे मोटर वाहन चलाना कानूनन प्रतिबंधित है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
वहीं डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। यातायात पुलिस टीम ने ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, फर्जी कॉल से सतर्क रहने तथा अपना ओटीपी और पासवर्ड किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही ऑनलाइन ठगी या साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के माध्यम से यातायात पुलिस ने अभिभावकों से भी विशेष अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें। बच्चों के मोबाइल और इंटरनेट उपयोग पर निगरानी रखें तथा स्वयं यातायात नियमों का पालन कर उनके सामने उदाहरण प्रस्तुत करें।
पुलिस ने चेतावनी दी कि नाबालिग द्वारा वाहन चलाए जाने की स्थिति में मोटरयान अधिनियम की धारा 199A के तहत अभिभावक अथवा वाहन स्वामी के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई का प्रावधान है। बाल दिवस पर आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम के जरिए पुलिस ने बच्चों को शिक्षा के साथ सुरक्षा, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिकता का महत्वपूर्ण संदेश दिया।