रीपा से आशा केंद्र तक: महिलाओं को मिलेगा रोजगार का नया आधार…

सारंगढ़। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शासन की पहल के तहत रीपा केंद्रों को अब आशा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने जनपद पंचायत बरमकेला अंतर्गत ग्राम सहजपाली में संचालित आशा केंद्र ‘अटल आजीविका समृद्धि हाट’ का निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि सहजपाली में संचालित यह केंद्र पूर्व में रीपा (महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क) के नाम से जाना जाता था। शासन की मंशा के अनुरूप अब इसे आशा केंद्र के रूप में विकसित कर ग्रामीण आजीविका, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार की गतिविधियों को नई दिशा देने की पहल की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान सीईओ तिवारी ने केंद्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों, उपलब्ध मशीनों, उत्पादन एवं विक्रय व्यवस्था, साफ-सफाई और आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से केंद्र की वर्तमान स्थिति तथा वहां संचालित आजीविका गतिविधियों की जानकारी भी ली। साथ ही केंद्र को अधिक व्यवस्थित, आकर्षक और रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने कहा कि आशा केंद्र ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने का सशक्त माध्यम बन सकते हैं। इन केंद्रों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उत्पादित वस्तुओं को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे महिला स्व-सहायता समूहों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करते हुए उत्पादन और विपणन की गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा जा सके।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत बरमकेला के सीईओ संजू पटेल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।