बाल दिवस पर बच्चों को मिला न्योता भोज, खिले नन्हे चेहरों पर मुस्कान…

सारंगढ़। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा में बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। यह आयोजन शाला प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष शत्रुघ्न निषाद के सौजन्य से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के साथ बाल दिवस की खुशियां साझा करने के साथ उनके पोषण और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। इसके पश्चात शत्रुघ्न निषाद ने विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को स्नेहपूर्वक स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन परोसा। बाल दिवस के इस विशेष आयोजन से बच्चों के चेहरों पर खुशी और विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर शत्रुघ्न निषाद ने कहा कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उनके पोषण में सहयोग करना ही बाल दिवस मनाने की सच्ची सार्थकता है। उन्होंने कहा कि प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी द्वारा लगातार लोगों को न्योता भोज के लिए प्रेरित किए जाने से विद्यालय में सामुदायिक सहभागिता बढ़ी है। इसका सकारात्मक असर बच्चों की उपस्थिति पर भी देखने को मिल रहा है। न्योता भोज के माध्यम से बच्चों को गर्म एवं पौष्टिक भोजन के साथ दूध और फल जैसी पोषण सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी के कार्यकाल में विद्यालय में यह 291वां न्योता भोज था। यह उपलब्धि विद्यालय में सामुदायिक सहयोग, जनभागीदारी और बच्चों के प्रति समर्पण की मिसाल है। प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी ने इस सराहनीय पहल के लिए शाला प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष शत्रुघ्न निषाद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से विद्यालय में बच्चों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
न्योता भोज के साथ ही बच्चों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ इन गतिविधियों में भाग लिया और बाल दिवस की खुशियां मनाईं।
इस अवसर पर शत्रुघ्न निषाद, प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी, असरिता टोप्पो, संजय कुमार मिश्रा, खेमराज पटेल, बुधराम भारती, ललिता खूँटे, राजू खूँटे सहित विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।