सारंगढ़ में शुरू होगी मुफ्त PSC कोचिंग, युवाओं को मिलेगा सुनहरा मौका…

सारंगढ़। जिले के शिक्षित युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू की विशेष पहल पर जिले में निःशुल्क पीएससी कोचिंग शुरू की जा रही है। इस पहल से अब आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग का लाभ नहीं ले पाने वाले प्रतिभावान युवाओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर मिल सकेगा।
जिला प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) सहित विभिन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना और उन्हें प्रशासनिक सेवाओं में चयन के अपने सपने को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ाना है। इसके तहत अभ्यर्थियों को विषय विशेषज्ञों के माध्यम से परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी।
कोचिंग के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम, महत्वपूर्ण विषयों, अध्ययन की रणनीति और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे युवाओं को व्यवस्थित ढंग से तैयारी करने के साथ अपनी कमजोरियों को दूर करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की चुनौतियों को समझने में मदद मिलेगी।
18 नवंबर तक करना होगा ऑनलाइन पंजीयन
निःशुल्क पीएससी कोचिंग का लाभ लेने के इच्छुक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के शिक्षित युवा निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से बुधवार, 18 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं।
पंजीयन के लिए लिंक:
https://forms.gle/Pyb3ovKXn2fmgebK6
जिला प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीयन कराने की अपील की है। प्राप्त आवेदनों के आधार पर कोचिंग के संचालन एवं आगामी प्रक्रिया से संबंधित जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
जिला प्रशासन की यह पहल जिले के युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का एक बेहतर मंच साबित हो सकती है। यदि इस अवसर का सही ढंग से लाभ उठाया जाए तो जिले के युवा भी प्रशासनिक सेवाओं में अपनी मजबूत पहचान बना सकेंगे।