सारंगढ़

प्रदेश में अव्वल: मल्दा (ब) में बना VB-G-RAM-G योजना का पहला मुक्तिधाम…

 

सारंगढ़। विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। VB-G-RAM-G योजना के तहत ग्राम पंचायत मल्दा (ब) में प्रदेश का पहला मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय बनकर तैयार हो गया है। इस उपलब्धि से जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन हुआ है।

जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई के निर्देश, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी के आदेश तथा जनपद पंचायत सीईओ राधेश्याम नायक के मार्गदर्शन में इस निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया गया। इसमें उप अभियंता गिरधारी पटेल ने विशेष रुचि लेते हुए अथक प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप दीपोत्सव से पहले ही निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया।

5 लाख रुपये की स्वीकृति से हुआ निर्माण

उप अभियंता गिरधारी पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत मल्दा (ब), जनपद पंचायत सारंगढ़ में समुदाय के लिए मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय का निर्माण कराया गया है। इस कार्य के लिए कुल 5 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसमें 64 हजार रुपये मजदूरी तथा 4 लाख 36 हजार रुपये सामग्री मद में निर्धारित किए गए थे।

निर्माण कार्य की शुरुआत 25 अगस्त 2026 को की गई थी। निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करते हुए दीपोत्सव से पूर्व इसे पूर्ण कर लिया गया।

ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी सुविधा

मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय का निर्माण ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित होगा। अब अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों को व्यवस्थित स्थान और प्रतीक्षालय की सुविधा उपलब्ध होगी। विशेषकर बारिश, गर्मी और अन्य प्रतिकूल मौसम में ग्रामीणों को राहत मिलेगी। यह निर्माण गांव में सामुदायिक सुविधा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

समयबद्ध कार्य से जिले को मिली पहचान

VB-G-RAM-G योजना के अंतर्गत प्रदेश में सबसे पहले मुक्तिधाम निर्माण पूरा करने का श्रेय जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को मिलने से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की कार्यप्रणाली को नई पहचान मिली है। कलेक्टर से लेकर मैदानी स्तर के अधिकारियों और तकनीकी अमले के समन्वय से पूरा हुआ यह कार्य अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकता है।

Back to top button