27 नवंबर को सारंगढ़ आएंगे CM साय, विकास की सौगातों के बीच चुनावी सियासत भी गरमाएगी…

सारंगढ़। जिले की राजनीतिक सरगर्मियों के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आगामी 27 नवंबर को सारंगढ़ आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री का यह दौरा विकास और राजनीतिक, दोनों ही दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है। प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री करोड़ों रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण कर जनता को सौगात देंगे, वहीं करोड़ों रुपये की नवीन विकास योजनाओं का भूमिपूजन कर क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसकी एक बड़ी वजह जिले का मौजूदा राजनीतिक समीकरण भी है। गौरतलब है कि जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर वर्तमान में कांग्रेस के विधायक हैं। वहीं सारंगढ़ नगर पालिका परिषद में भी कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष और पार्षदों का बहुमत है। जनपद पंचायत में भी कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष काबिज हैं। ऐसे में भाजपा की प्रदेश सरकार के मुखिया का कांग्रेस के प्रभाव वाले नगरीय एवं ग्रामीण निकायों के बीच पहुंचना राजनीतिक लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नगर पालिका चुनाव से पहले दौरे के मायने
दिसंबर माह में नगर पालिका चुनाव कराए जाने की संभावनाओं के बीच मुख्यमंत्री का यह प्रवास और भी अहम हो गया है। राजनीतिक जानकारों की नजर में इस दौरे को आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि चुनावी आचार संहिता लागू होने से पहले प्रदेश सरकार विकास कार्यों की सौगात देकर नगरीय क्षेत्र में अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के सामने रखने का प्रयास करेगी।
लोकार्पण और भूमिपूजन से विकास का संदेश
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया जाएगा। वहीं नवीन योजनाओं के भूमिपूजन के माध्यम से आने वाले समय में क्षेत्र के विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की जाएगी। इससे नगर सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को भी नई विकास परियोजनाओं की उम्मीद है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने सारंगढ़ प्रवास के दौरान नगर और जिले को कौन-कौन सी बड़ी सौगातें देंगे? किन योजनाओं को प्राथमिकता मिलेगी और घोषित होने वाले विकास कार्यों में से कितनी योजनाएं नगर पालिका चुनाव से पहले धरातल पर उतर पाएंगी? फिलहाल 27 नवंबर के मुख्यमंत्री प्रवास को लेकर जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज है। आने वाला समय बताएगा कि मुख्यमंत्री की विकास सौगातें सारंगढ़ की राजनीति और आगामी नगरीय निकाय चुनाव के समीकरणों पर कितना असर डालती हैं।