सारंगढ़

तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार भाई-बहन को कुचला, मौके पर मौत…

 

रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। जेएसपीएल तमनार गेट के पास तेज रफ्तार डंपर ने मोटरसाइकिल सवार युवक और युवती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिलूपारा निवासी युवक और युवती अपनी मोटरसाइकिल से निजी काम के सिलसिले में रायगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान जेएसपीएल तमनार गेट के पास तेज रफ्तार से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं।

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान घनश्याम डनसेना (22 वर्ष), पिता परमेश्वर डनसेना और कुंती डनसेना (25 वर्ष), पिता परमेश्वर डनसेना, निवासी मिलूपारा के रूप में हुई है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और हर किसी की आंखें नम हैं।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। औद्योगिक क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों के बीच इस हादसे को लेकर आक्रोश व्याप्त है।

इधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाकारित डंपर को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में भारी वाहनों की रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button