खुले में शौच पर प्रशासन की सख्ती, अब लगेगा ₹500 जुर्माना…

सारंगढ़। जिले के बड़े नावापारा में वर्षों से चली आ रही खुले में शौच और गंदगी की समस्या पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। सड़क किनारे फैली गंदगी और दुर्गंध से परेशान ग्रामीणों एवं राहगीरों को राहत दिलाने के लिए शुक्रवार को जिला एवं जनपद प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब गांव में खुले में शौच करने वालों पर निगरानी रखी जाएगी और पकड़े जाने पर 500 रुपये का जुर्माना भी लगाया जाएगा।
बड़े नावापारा से सरिया मार्ग पर सड़क किनारे खुले में शौच किए जाने के कारण लंबे समय से गंदगी का माहौल बना हुआ था। इससे आने-जाने वाले राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। समस्या की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी एवं जनपद पंचायत बरमकेला के सीईओ संजू पटेल की मौजूदगी में गांव में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को खुले में शौच नहीं करने, घरों में बने शौचालयों का उपयोग करने तथा गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील की गई।
प्रशासन ने इस बार केवल जागरूकता अभियान चलाकर जिम्मेदारी पूरी करने के बजाय निगरानी की ठोस व्यवस्था भी की है। इसके लिए गांव में दो स्वच्छता मित्र नियुक्त किए गए हैं। इनकी जिम्मेदारी खुले में शौच करने वालों पर नजर रखने की होगी। कोई व्यक्ति खुले में शौच करते पाया जाता है तो स्वच्छता मित्र सीटी बजाकर उसे रोकेंगे। इसके साथ ही खुले में शौच करने पर 500 रुपये जुर्माना लगाने की व्यवस्था भी की गई है। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य गांव में स्वच्छता को लेकर अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी विकसित करना है।
गांव में कचरा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए अम्बे स्व-सहायता समूह को स्वच्छता दीदी के रूप में कचरा संग्रहण रिक्शा प्रदान किया गया है। समूह की महिलाएं अब घर-घर जाकर कचरा एकत्रित करेंगी। इससे सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। इस पहल से स्वच्छता व्यवस्था के साथ महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।
शिशु मंदिर के बगल में स्थित सार्वजनिक शौचालय की मरम्मत कराकर उसे उपयोग के योग्य बनाया जाएगा, ताकि जिन परिवारों के घरों में शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वे इसका लाभ उठा सकें। इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को व्यक्तिगत शौचालय उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी। जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने गांव के घरों तक पहुंचकर शौचालयों की स्थिति का जायजा लिया और स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इस अभियान के दौरान ओमप्रकाश पिंटू चौहान जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि, गंगा सिदार सरपंच, महेश देहरी पूर्व सरपंच, गजानंद गढ़तिया सहित गांव के गणमान्य नागरिक एवं बिहान योजना से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं।
प्रशासन की इस पहल से बड़े नावापारा में स्वच्छता को लेकर नई उम्मीद जगी है। हालांकि, अभियान की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि निगरानी, जुर्माना, कचरा संग्रहण और शौचालयों की सुविधा की व्यवस्था कितनी नियमित रूप से संचालित होती है। यदि प्रशासनिक सख्ती के साथ ग्रामीणों की सहभागिता बनी रही तो सड़क किनारे गंदगी और खुले में शौच की वर्षों पुरानी समस्या से गांव को मुक्ति मिल सकती है।