पलारी में एक ही मंच पर जुटेंगे विवाह योग्य वैष्णव युवक-युवती और परिजन…
15 नवंबर को एक ही मंच पर पूरी होगी मनपसंद जीवनसाथी की तलाश...

सारंगढ़-बिलाईगढ़।हर माता-पिता का सबसे बड़ा सपना और चिंता यही होती है कि उनके बच्चों को एक योग्य जीवनसाथी और संस्कारवान परिवार मिले। लेकिन आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में, और खासकर छत्तीसगढ़ में वैष्णव समाज (गुरु समाज) की संख्या सीमित होने के कारण, मनपसंद और सुयोग्य रिश्ता ढूंढना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। समाज के हर परिवार की इसी पीड़ा और जरूरत को समझते हुए आगामी 15 नवंबर, रविवार को पलारी में छत्तीसगढ़ वैष्णव समाज का प्रदेश स्तरीय विवाह योग्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
एक ही मंच पर जुटेंगे दिल और परिवार-
इस सम्मेलन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां युवक-युवतियां एक ही मंच पर आकर अपना परिचय दे सकेंगे, जिससे उन्हें अपने मनपसंद जीवनसाथी को समझने और चुनने का सीधा अवसर मिलेगा। साथ ही, दोनों पक्षों के माता-पिता और बुजुर्ग भी एक ही जगह बैठकर आपस में खुलकर बात कर सकेंगे। चूंकि पलारी के इस आयोजन में पूरे प्रदेश का समाज एक साथ मौजूद रहेगा, इसलिए परिवारों को एक-दूसरे के बारे में सटीक और भरोसेमंद जानकारी भी सहजता से मिल जाएगी।
समय और खर्च की बचत, अपनों से बढ़ेगा मेलजोल-
अलग-अलग शहरों और गांवों में रिश्ता देखने जाने में परिवारों का काफी समय, मेहनत और पैसा खर्च होता है। यह एक मंच उस सारी भागदौड़ को खत्म कर देगा। इसके साथ ही, कार्यक्रम में दीपावली मिलन समारोह भी रखा गया है, ताकि खुशियों और त्योहार की मिठास के बीच बिछड़े हुए रिश्तेदार और सामाजिक बंधु एक-दूसरे से गले मिल सकें और आपसी रिश्ते पहले से भी ज्यादा मजबूत हो सकें।
छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा के संस्थापक एवं राष्ट्रीय महासचिव श्री लखन दास वैष्णव सहित समस्त पदाधिकारियों ने समाज के सभी माता-पिता और युवाओं से विनम्र आग्रह किया है कि वे इस अवसर को न चूकें। अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और समाज की एकता के लिए अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार पलारी पहुंचकर इस आयोजन को सफल बनाएं।